गृहमंत्री शाह ने कहा- दिल्ली में ऐसी सरकार है जिसने पांच सालों में झूठ का महल तैयार कर लिया है


नई दिल्ली. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र, बिजवासन व नई दिल्ली से भाजपा के समर्थन में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। शाह ने जनता से भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील करते हुए कहा कि 8 फरवरी को होने वाली विधानसभा चुनाव में दिल्ली वालों का एक-एक वोट तय करेगा कि वो शाहीनबाग के साथ हैं या देश विरोधी ताकतों को जेल भेजने वाली सरकार के साथ। दिल्ली में ऐसी सरकार है जिसने पांच सालों में झूठ का महल तैयार कर लिया है लेकिन जब केजरीवाल की पोल खुल जाती है तो कहते हैं भाजपा वाले दिल्ली का अपमान कर रहे हैं। शाह ने कहा कि केजरीवाल ने एक हजार नए स्कूल बनाने का वादा किया था। स्कूल तो बने नहीं लेकिन जिन इमारतों को विभाग ने खतरनाक बताकर गिराने की सिफारिश की है। दिल्ली सरकार ने हजारों बच्चों की जान जोखिम में डाली है और रोज वर्ल्ड स्टैंडर्ड स्कूल के झूठे ट्वीट करते हैं।


जन लोकपाल का वादा किया लेकिन सत्ता में आते ही भूल गए: नड्‌डा


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कृष्ण नगर और पटपड़गंज में नुक्कड़ सभाएं की। उन्होंने कहा कि सीएम बनने से पहले केजरीवाल ने जन लोकपाल का वादा किया लेकिन सत्ता में आते ही भूल गए। जो अपने गुरु अन्ना हजारे का नहीं हुआ वो किसका होगा। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने भी केजरीवाल ने भी सीएम को अन्ना हजारे पर घेरा।


लोगों को झूठ का शहद चटा रही  है आप सरकार: ईरानी
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सदर सीट पर प्रचार किया। ईरानी ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने 57 महीने तो काम किया नहीं। अंत में झूठी घोषणाएं कर रही है। जनता को विज्ञापन की चासनी में डूबोकर झूठ का ऐसा शहद चटाया जा रहा है कि जैसे कितना काम हुआ हो।


दिल्ली में भी परिवर्तन चाहते हैं लोग : पुरी


केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने देवली सीट पर प्रचार करते हुए कहा कि सालों तक कांग्रेस-आप ने अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के नाम पर 40 लाख लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया। अब देश की तरह दिल्ली में भी लोग परिवर्तन चाहते हैं।